विकासखंड महमूदाबाद के संविलयन विद्यालय इमलिया में परिषदीय परीक्षा में जमकर नकल हुई। नौनिहाल एक झुंड में बैठकर नकल करते हुए दिखाई दिए। उस दौरान शिक्षक कमरे में बैठे आपस में चर्चा कर रहे थे। कक्षा एक में 20 बच्चे, कक्षा दो में 42 बच्चों ने हिंदी का पेपर दिया। वहीं, कंपोजिट विद्यालय गोधौरी व लोधाशा में ठीक ढंग से परीक्षा होते मिली।
शिक्षकों में नहीं दिखी गंभीरता
खैराबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय माखूपुर में भी परीक्षा का माखौल उड़ता दिखाई दिया। शिक्षकों के अंदर कोई गंभीरता नहीं दिखी। नौनिहाल विद्यालय परिसर में झुंड में बैठकर परीक्षा देते हुए दिखाई दिए। प्राथमिक विद्यालय दौदापुर के इंचार्ज प्रधानाचार्य महेश प्रसाद ने बताया कि 151 में 141 बच्चे मौजूद हैं।
10.30 तक बंटती रही कॉपी
सकरन विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय पखनियापुर में परीक्षा सुबह 9:36 तक शुुरू नहीं हो सकी। प्रधानाध्यापक हरेराम इस संबंध में स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। उच्च माध्यमिक विद्यालय पखनियापुर में सुबह 9.40 बजे झाड़ू लगाया जा रहा था। उच्च माध्यमिक विद्यालय दौदापुर में 10.40 पर उत्तरपुस्तिकाएं वितरित की जा रहीं थीं। 10.30 बजे प्राथमिक विद्यालय अंगेठा का गेट अंदर से बंद था। अभिभावकों ने बताया कि अंदर सही तरीके से परीक्षा नहीं हो रही है।
सीतापुर। परिषदीय परीक्षाएं बुधवार से अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुईं। कई विद्यालयों में बच्चों ने जमकर नकल। नौनिहाल झुंड में बैठकर परीक्षा देते हुए नजर आए। खैराबाद, महमूदाबाद व सकरन विकासखंड सहित अन्य विकासखंड़ों के विद्यालयों मेंं ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जबकि बीएसए ने नकलविहीन परीक्षा कराए जाने की सख्त हिदायत दी थी। लेकिन शिक्षकों पर इस निर्देश का असर नहीं दिखा।
वार्षिक परीक्षा को लेकर पहले से ही शिड्यूल जारी कर दिया गया था। सीटिंग प्लान बनाकर परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए गए थे। सीटिंग प्लान परीक्षा में तितर-बितर नजर आया। शिक्षकों ने नौनिहालों को एक साथ ही बैठा दिया। एक दूसरे के उत्तर देखकर नौनिहाल कॉपियों पर उतारते दिखे। शिक्षक आपस में बैठे बातों में मशगूल रहे।
इन विद्यालयों में बेहतर तरीके से हुई परीक्षा
कुछ ऐसे भी विद्यालय थे जहां पर परीक्षा की बहतर व्यवस्था देखने को मिली। गोंदलामऊ विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय महसुई, एलिया का प्राथमिक विद्यालय बेलगवां, बेहटा का उच्च प्राथमिक विद्यालय नरना पकौड़ी, कंपोजिट विद्यालय संहिजर कलां, लहरपुर विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय नयागांव बेहटी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जहांगीराबाद, सिधौली विकासखंड का कंपोजिट विद्यालय शाहजहांपुर, बिसवां का प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर आदि विद्यालयों में निर्देर्शो के अनुसार परीक्षा हुई।

