शिक्षक संघ की नई पहल, अखबार बढ़ाएगा बच्चों का ज्ञान
बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कार्यालय पर बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक का मुख्य विषय बच्चों के मानसिक और शैक्षिक विकास में समाचार पत्रों की भूमिका रहा।
जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अखबार की उपयोगिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला मंत्री उमानाथ मिश्रा ने बताया कि नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने से बच्चों की भाषा में सुधार होता है, उनका सामान्य ज्ञान बढ़ता है और समसामयिक घटनाओं के प्रति उनकी समझ विकसित होती है।
बैठक में अमर उजाला अखबार में प्रकाशित होने वाली शिक्षण सामग्री की विशेष चर्चा हुई। सिरौलीगौसपुर के ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप तिवारी ने बताया कि प्रत्येक बृहस्पतिवार को प्रकाशित होने वाला बच्चों का कोना स्तंभ विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में बच्चों की सोचने की क्षमता को नई दिशा देता है। जिला मीडिया प्रभारी जय कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा विद्यालयों में अखबार उपलब्ध कराने की पहल से छात्रों के सामान्य ज्ञान में सुधार होगा।
दरियाबाद के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील त्रिपाठी ने सुझाव दिया कि विद्यालयों में अखबार पढ़ने को एक नियमित शैक्षिक गतिविधि के रूप में अपनाया जाना चाहिए। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष विश्वजीत सिंह, गुनीत शर्मा और अनुभव कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

