38 जिलों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के हैं आसार
लखनऊ। प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पश्चिमी क्षेत्रों सहित प्रदेश के 38 जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसका प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इस दौरान तराई और पूर्वी यूपी के 21 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बृहस्पतिवार को बांदा 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि प्रयागराज और हमीरपुर में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बांदा में न्यूनतम
तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे गर्म रात रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 29 मार्च को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश और तापमान में और गिरावट की संभावना है.
यहां है बिजली गिरने की आशंका
अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, जोनपुर, झांसी, कौशाम्बी, कुशीनगर, ललितपुर, महाराजगंज, महोबा, मऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, भदोही, शामली, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, वाराणसी व आसपास के इलाकों में।

