53 हजार से अधिक देंगे एसआई भर्ती की परीक्षा
प्रयागराज, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष 2025 परीक्षा 14 व 15 मार्च को जिले के 43 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में कुल 53760 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दोनों दिन परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 व शाम तीन से पांच बजे के बीच होगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभी अफसरों की मंगलवार दोपहर 12:30 बजे जिला पंचायत सभागार में बैठक होगी।
इस परीक्षा के लिए जिले में 43 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों के लिए सभी को निर्देश दिए गए हैं।
स्कूलों से मांगा सहमति पत्र
पीजीटी 2022 परीक्षा नौ और 10 मई को होगी। परीक्षा की तैयारियों के लिए एडीएम सिटी सत्यम मिश्र की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजा गया है। जिसमें उनसे विद्यालय से केंद्र बनाने के लिए सहमति पत्र लेने को कहा गया है। एडीएम सिटी ने बताया कि विद्यालयों के सहमति पत्र को डीएम को दिया जाएगा। जिसके बाद परीक्षा केंद्र का निर्धारण होगा।

