कक्षा 8 पास ड्राइवर भर्ती के लिए पहुंचे डिग्रीधारक
लखनऊ। रोडवेज में कक्षा आठ उत्तीर्ण बस ड्राइवर की भर्ती में स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री लिए अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं। अवध बस स्टेशन पर तीन दिवसीय संविदा बस चालक की भर्ती सोमवार से शुरू हुई। पहले दिन बाराबंकी, मोहनलालगंज और चिनहट से आए मास्टर डिग्री वाले भी ड्राइवर बनने की कतार में नजर आए। इनके आवेदन पत्र जांच में सही पाए गए, जबकि एक आवेदन जन्मतिथि अलग-अलग होने के कारण निरस्त कर दिया गया।
दरअसल, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के लखनऊ क्षेत्र के अंतर्गत अवध बस स्टेशन पर तीन दिवसीय रोजगार मेला लगाया गया है। चारबाग डिपो के एआरएम बनारसी राम ने बताया कि पहले दिन सोमवार को 30 आवेदन स्वीकार किए गए, जिनमें से तीन आवेदन पत्र जांच में निरस्त कर दिए गए और 27 लोगों के प्रपत्र सही मिले। बस ट्रायल में पास होने पर 10 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा कर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होगी।

