मैं ठाकुर नहीं ईसाई हूं...तुम्हें शादी करनी है तो अपना धर्म बदलो, शिक्षिका को फंसाकर शातिर ने लूटी इज्जत
मैं ठाकुर नहीं ईसाई हूं...तुम्हें शादी करनी है तो पहले अपना धर्म बदलो। यह चंद लाइन खुद को हिंदू बताने वाले एक शातिर की है। मैं हिंदू के साथ ठाकुर भी हूं... यह कहते हुए पहले संगीत शिक्षिका को प्रेमजाल फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। शादी की हामी के लिए शिक्षिका को ईसाई धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया। इनकार करने के बाद जब वह गर्भावस्था में आरोपित के घर शिकायत करने पहुंची तो परिजनों ने बाल पकड़कर मारपीट करने के साथ पेट में लात मारी। यातनाओं से तंग पीड़िता ने बुधवार को कर्नलगंज थाने में शिकायत कर आरोपित व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट कराई।
जूही बारा देवी में रहने वाली युवती के मुताबिक वह ग्वालटोली स्थित एक निजी स्कूल में संगीत की शिक्षिका है। युवती के मुताबिक वर्ष-2017 में उसकी मुलाकात अभिषेक सिंह नाम के युवक से दोस्ती हुई थी, जो कि गिटार बजाता था। वर्ष-2023 में सोशल मीडिया के जरिए उससे बातचीत होने लगी। मीठी-मीठी बातें कर पहले जाल में फंसाया, फिर शादी करने का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं वर्ष-2025 में गर्भवती होने की जानकारी पर जब शादी का दबाव बनाया तो आरोपित ने अपना असली नाम अभिषेक क्लॉडियस उर्फ रॉनी बताया।
ठाकुर बताकर की थी दोस्ती
युवती ने जवाब देते हुए कहा कि तुमने तो हिंदू होने के साथ खुद को ठाकुर बताकर दोस्ती की थी। यह सुन आरोपित ने कहा कि मैं हिंदू नहीं ईसाई हूं, अब अगर तुम्हें शादी करनी है तो तुम सबसे पहले धर्म बदलो। आरोप है कि इनकार करने के बाद जब वह शिकायत करने घर पहुंची तो आराेपित समेत उसके परिवारीजनों ने गर्भावस्था के दौरान मारपीट कर अंजाम भुगतने की धमकी दी। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी व यातनाओं से तंग होकर पीड़िता ने सोमवार को कर्नलगंज थाने में शिकायत की।
चोरी-छिपे अश्लील वीडियो, पिता व भाई ने की छेड़खानी
युवती के मुताबिक शारीरिक शोषण के दौरान आरोपित अभिषेक ने चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बना लिया। धर्मांतरण का विरोध करने पर आरोपित ने अश्लील वीडियो वायरल का अल्टीमेटम देते हुए अपने घर में रहने को मजबूर करने के साथ कैद कर लिया। इतना ही नहीं आरोपितों ने पेट में लात मारने के साथ बहाने से दवाएं दी, जिससे गर्भपात हो गया। आरोप है कि, आरोपित के पिता अखिलेश, मां रीता और भाई-भाभी व बहनों ने बेरहमी से पीटा। साथ ही अभिषेक के घर से गायब होने पर उसके पिता व भाई ने छेड़खानी भी की।
एडीसीपी सेंटल अर्चना सिंह ने बताया, ड़िता की तहरीर पर युवक और उसके परिवारीजन के खिलाफ दुष्कर्म,उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध,गर्भपात समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं आरोपित अभिषेक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जबकि पीड़िता का मेडिकल कराकर कोर्ट में उसके बयान कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

