हादसे में घायल सहायक अध्यापक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में कोहराम
बरदह, । स्थानीय थाना क्षेत्र के जिवली गांव निवासी 53 वर्षीय शिक्षक श्यानारायण यादव पुत्र स्व. शोभ नारायण उच्च प्राथमिक विद्यालय लीलाई मार्टीनगंज शिक्षा क्षेत्र में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। तीन माह पूर्व नवनिर्माणधीन मकान के छत से पैर पिसल जाने से वे गिरने से घायल हो गए थे। पीजीआई लखनऊ में उनका तीन माह से इलाज चल रहा था। बुधवार भोर में लखनऊ पीजीआई डाक्टरों मृत घोषित कर दिया। लखनऊ से बुधवार को सुबह उनका शव घर आया। घर पर शव आते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी आशा देवी, पुत्र सर्वेश 25, सौरभ 22, शुभम 20 समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
श्यानारायण यादव तीन भाइयों के सबसे छोटा थे। बड़ा भाई रामनारायण इंटर कालेज गौरा बादशाहपुर जौनपुर से प्रवक्ता के पद से रिटायर हैं। प्रेमनारायण फौज से रिटायर्ड हैं। भतीजा शिवप्रकाश यादव वर्तमान में भदोही जनपद के ज्ञानपुर तहसील में एसडीएम पद पर तैनात हैं। शिक्षक के निधन की जानकारी होने पर लालगंज सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक बेचई सरोज, कमलाकांत राजभर, भाजपा नेता विनोद राय, डाक्टर अनिल कुमार राय, हीरू राय, विनीत राय, फौजी दिनेश यादव, विनोद यादव, उमाकांत राय, महाप्रधान रविन्द्र यादव, अरविंद सरोज, लल्लन यादव, भंडारी मास्टर, रामसमुझ राय समेत अन्य लोगों ने घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया।

