24 घंटे में प्रोफाइल अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों का रुकेगा वेतन
पटना । ई-शिक्षाकोष पर 24 घंटे के अंदर प्रोफाइल अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों का वेतन रुकेगा।
इस मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी जिलों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रोफाइल, पदस्थापन, व्यक्तिगत जानकारी, स्थायी एवं वर्तमान पता अपडेट 24 घंटे के अंदर कराने का आदेश जारी किया है। अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों के वेतन पर रोक लग जायेगी। शिक्षा विभाग के मुताबिक 29 मई के निर्देश के बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल और व्यक्तिगत सूचनाएं अपडेट नहीं की हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों को अंतिम अवसर दिया गया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को शिक्षकों के पंजीकरण, पदस्थापन विवरण, व्यक्तिगत सूचना, स्थायी एवं वर्तमान पते से संबंधित डीसीएफ भरवाकर 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि निर्धारित अवधि में सूचना अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों का वेतन स्थगित करते हुए इसकी रिपोर्ट कार्यालय को भेजी जाये।
