ब्रिज कोर्स में 50% पासिंग मार्क्स की बाध्यता हटाई जाए
लखनऊ। उप्र बीटीसी शिक्षक संघ की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक रविवार को दारुलशफा संघ कार्यालय पर हुई। इसमें 69000 शिक्षक भर्ती के बीएड डिग्री धारक शिक्षकों के ब्रिज कोर्स के लिए विशेष अवकाश देने व 50% पासिंग मार्क्स की बाध्यता हटाने की मांग की गई।
बीटीए शिक्षक संघ की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक में उठी मांग
बैठक में सरकार से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, राज्य के शिक्षकों को केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षकों के समान वेतनमान देने, सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद की स्वीकृति व तैनाती की भी मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज शिक्षक अपने मूल कार्य से इतर अन्य कार्यों में ड्यूटी लगाने से परेशान हैं। शिक्षकों की ड्यूटी विधानसभा व लोकसभा में मतदान अधिकारी, जनगणना व दैवी आपदा से जुड़े कार्यों को छोड़कर अन्य गैर शैक्षणिक काम न कराए जाएं।
एनसीटीई के मानक पूरा करने वाले शिक्षामित्रों को नई नियमावली बनाकर सीधे सहायक अध्यापक पद पर समायोजित करने की मांग की। साथ ही 10 अक्तूबर को पितृ विसर्जन के दिन सार्वजनिक अवकाश करने की मांग की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव, महामंत्री संदीप दत्त, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधोषकर यादव, विनय यादव, सुरेश तिवारी आदि शामिल हुए।

