आजमगढ़: शिक्षा के मंदिर में महिला शिक्षक के साथ पुरुष शिक्षक के मारपीट व अभद्रता और ग्रामीणों के साथ तकरार का वीडियो वायरल होने से हडकंप मच गया है। पूरे घटनाक्रम में मामला विद्यालय में देर से पहुंचने पर हस्ताक्षर को लेकर बताया जा रहा है। विद्यालय स्टाफ ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को शिकायती पत्र प्रेषित कर कार्रवाई की मांग की है।कार्रवाई न होने की दशा मे विद्यालय में शिक्षण कार्य बंदर रखने की चेतावनी दी है।
शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ के कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला शिक्षक पर पुरुष शिक्षक आपा खो बैठे। शिक्षक के इस कारनामें की खबर ग्रामीणों को लगी तो जुट गए लेकिन आरोपित शिक्षक ने गेट में ताला बंद कर दिया। ग्रामीणों से भी तकरार हुई। इसके बाद शिक्षक कमरे में पहुचे और महिला शिक्षक से अभद्रता(गाली-गलौज) करने लगे। इस दौरान अन्य शिक्षक बीच-बचाव करते रहे। तकरीबन एक घंटे तक विद्यालय में यह कारनामा चला और छात्र-छात्राएं इधर-उधर से सहमे हुए नजारा देखते रहे। मामले में प्रधानध्यापिका रीता देवी समेत प्रतिभा सिंह, प्रतिमा, कंचन, अनीता, प्रेमप्रकाश आदि शिक्षक ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को प्रार्थना पत्र प्रेषित कर आरोपित सहायक अध्यापक के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पूरे घटना क्रम का वीडियो वायरल होने से शिक्षा विभाग में हडकंप मचा है।
''मामला संज्ञान में आ गया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए बीईओ को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जो भी शिक्षक दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। इस तरह के कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-अतुल कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।

