बरेली। बिशप कोनराड स्कूल की क्लास में घुसकर शिक्षिका को जमीन पर गिराकर लात- घूंसों से पीटने और बाल पकड़कर घसीटने के मामले में प्रबंधन ने आरोपी चर्च प्रचारक के बेटे को स्कूल से निष्कासित करने का फैसला लिया है। पुलिस से भी आग्रह किया है कि वह चर्च प्रचारक और उसकी पत्नी पर सख्त कार्रवाई करे।
शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्कूल के मैनेजर फादर हेरल्ड डी कुन्हा और प्रिंसिपल शाजी क्रिस्टोफर ने यह घोषणा की प्रिंसिपल शाजी ने कहा कि जिस शिक्षिका के साथ मारपीट की गई, वह 17 सालों से स्कूल में कार्यरत हैं। कभी किसी अभिभावक ने उनके खिलाफ बच्चों को सजा देने या मारपीट करने की शिकायत नहीं की। मारपीट के आरोपी फिरोज दयाल और उसकी पत्नी एकता दयाल सिर्फ अपने बचाव के लिए उन पर झूठा आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने तमाम स्टाफ के सामने शिक्षिका के साथ मारपीट की है। प्रिंसिपल ने कहा कि अगर फिरोज दयाल और एकता गयाल को कोई दिक्कत थी भी तो प्रबंधन से शिकायत करनी चाहिए था या वे कानूनी कार्रवाई कर सकते थे, लेकिन इसके बजाय उन्होंने गैरकानूनी ढंग से स्कूल में घुसकर शिक्षिका से मारपीट की।
पुलिस ने शिक्षिका का मेडिकल कराया है जिसमें उनके बाएं कान में चोट भी निकली है। प्रबंधन ने कहा कि वह पुलिस से मांग करते हैं कि दोषियों पर धारा बढ़ाकर कार्रवाई की जाए।
