दातागंज (बदायूं)। समरेर कस्बे में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय राजकीय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में शनिवार रात विषाक्त भोजन से 30 छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। पता चलने पर उनके अभिभावक रात में ही विद्यालय पहुंच गए और हंगामा किया 28 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाने-पीने के सामान के आठ नमूने लिए हैं।
इस आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जिला समाज कल्याण अधिकारी रामजनम है। विद्यालय में 370 छात्राएं पंजीकृत हैं। शनिवार को यहां 169 छात्राएं थीं। रात आठ बजे भोजन में अरहर की दाल आलू और लौकी की सब्जी के साथ चावल और रोटी चनी थी। भोजन करने के कुछ देर बाद छात्राओं को पेट में दर्द के साथ उल्टी और दस्त होने लगे। इनमें से 28 छात्राओं को समेरर सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर इनमें से शिवांगी, सरिता, आकांक्षा, मधु, मंगला, रीना, रोशनी और उसहैती को दातागंज और आरती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। विद्यालय से चावल, आटा, दाल, रिफाइंड और सब्जियों के आठ नमूने लेकर जाच को भेजें गए हैं। इस बीच विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने विद्यालय का गेट तोड़ने की कोशिश भी की।

