ज्ञानपुर (भदोही) । डीघ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गहरपुर में बुधवार को उमस और गर्मी से पांच बच्चे बेहोश हो गए। पानी का छींटा मारने पर चार बच्चे तो होश में आ गए, लेकिन एक की निजी अस्पताल में उपचार के बाद स्थिति सामान्य हुई।
बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी फरहा रईस भी मौके पर पहुंच गई। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे पठन-पाठन के दौरान पांचवीं के छात्र सत्यम और सद्दाम बेहोश हो गए। इसके बाद पांचवीं की उजाला, कक्षा एक का अल्तमस और तीन का छात्र फैज भी बेहोश हो गया। पानी का छीटा मारने पर थोड़ी देर बाद चारों बच्चे होश में आ गए लेकिन सद्दाम की हालत नहीं सुधरी। हेडमास्टर व परिजन उसे गोपीगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। करीब दो घंटे बाद दोपहर 12 बजे होश आया। ग्रामीणों की मानें तो तीन दिन पूर्व गहरपुर का ट्रांसफार्मर जल गया था। उसके साथ तार भी टूटकर गिर गया। इससे स्कूल की आपूर्ति बाधित है। चिकित्सकों ने छात्रों के बेहोश होने का कारण उमस और गर्मी बताया। बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के बाद मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी फरहा रईस को भेजा गया। जेई गोपीगंज संत कुमार ने कहा कि मंगलवार को बिजली खराब हुई थी। इसे बुधवार को सही करा दिया गया।

