Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, December 28, 2023

यूपी के इन जिलों में दो दिन घना कोहरा, 31 दिसंबर से बारिश के आसार, मौसम विभाग का रेड अलर्ट

 यूपी में सर्दी का मौसम अब करवट बदल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश के कुछ जिलों में बहुत घना कोहरा छाया रहने का रेड अलर्ट जारी की है। इसके अलावा 31 दिसम्बर, पहली और दूसरी जनवरी को प्रदेश के विभिन्न स्थानों हल्की से सामान्य बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार जताए गए हैं। यह बारिश देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों को एक पश्चिमी विक्षोभ द्वारा प्रभावित किये जाने की वजह से होगी। 



अगले दो दिनों के दरम्यान जिन जिलों में घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी जारी की गई है, वह हैं-बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, मेरठ, गाजियाबद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरय्या, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास। इसके अलावा कौशाम्बी, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे कम रात का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस हमीरपुर में दर्ज किया गया।




हमीरपुर के बाद प्रदेश में सबसे ठंडी रही कानपुर की रात




कोहरे की चादर से शहर बुधवार को भी ढका रहा। तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हमीरपुर(5.2 डिग्री) के बाद प्रदेश में सबसे ठंडी रात कानपुर(6.8 डिग्री सेल्सियस) की रही। कुशीनगर भी प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। फिर बिजनौर 7.6, मेरठ 8.6 और मुरादाबाद 8.8 डिग्री सेल्सियस का स्थान है। मौसम विभाग ने कानपुर में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटों में कोहरा और घना हो सकता है। सर्दी भी बढ़ेगी। 




दृश्यता मात्र 700 मीटर रह गई




चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के अनुसार दृश्यता सुबह पांच बजे मात्र 700 मीटर रह गई। पिछले तीन वर्षों में इतना घना कोहरा नहीं हुआ। पहाड़ों से होकर हवाएं मैदान में आने लगी हैं। इसकी गति तो बेहद कम रही लेकिन इसने बर्फीली होने के कारण सर्दी बढ़ा दी। लोगों को गलन का भी सामना करना पड़ रहा है। दिन में 10 बजे के बाद हवा की रफ्तार 08-10 किमी प्रति घंटा रही लेकिन रात में यह गति बेहद धीमी हो गई। इसके बावजूद सर्दी का असर बना रहा। 






नये साल पर बारिश के आसार




नये साल पर बारिश के आसार हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आईएमडी ने अगले 24 घंटे तक कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। 29 को ऑरेंज अलर्ट, 30 और 31 को कानपुर में कम लेकिन आसपास यलो अलर्ट रहेगा। बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान के हिस्सों पर है। बंगाल की खाड़ी में कई सर्कुलेशन बने हुए हैं। यह नमी तराई क्षेत्र से लेकर राजस्थान तक थ्रो कर रही है। इस कारण कोहरा बढ़ रहा है। दिन में 10 बजे के बाद तेज उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी जिससे सर्दी बढ़ेगी। धूप कम रहेगी जिससे दिन में सर्दी बढ़ेगी और तापमान गिरेगा। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और शाम को जब घना कोहरा हो तो लोग बेहद जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकलें।






प्रदेश के न्यूनतम तापमान वाले शहर




हमीरपुर 5.2


कानपुर 6.8


कुशीनगर 6.8


बिजनौर 7.6


मेरठ 8.6


मुरादाबाद 8.8


(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

यूपी के इन जिलों में दो दिन घना कोहरा, 31 दिसंबर से बारिश के आसार, मौसम विभाग का रेड अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link