Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, March 1, 2024

14 शिक्षकों को हटाया, पांच सॉल्वर पर एफआईआर दर्ज: पेपर व्हाट्सएप पर भेजा, केस दर्ज

 यूपी बोर्ड की गुरुवार को आयोजित हाईस्कूल विज्ञान और इंटर गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा में 14 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई हुई तो पांच सॉल्वरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। 10वीं-12वीं के कुल 2.42 लाख परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान एवं द्वितीय पाली इंटर में गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा में प्रयागराज के केंद्रों की जांच के लिए बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ला ने दो टीमें गठित की थी। एक टीम का नेतृत्व स्वयं सचिव ने किया। दोनों टीमों ने जिले के सात केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन केंद्रों में आठ कक्ष निरीक्षकों के पास क्यूआर कोड वाला परिचय पत्र नहीं मिला।

सचिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए चौधरी महराजदीन इंटर कॉलेज होलागढ़ के पांच कक्ष निरीक्षक एवं केंद्र व्यवस्थापक, शिवाजी इंटर कॉलेज होलागढ़ के केंद्र व्यवस्थापक, सुमेरादेवी पटेल इंटर कॉलेज लालगोपालगंज के दो कक्ष निरीक्षकों एवं केंद्र व्यस्थापक, हीरालाल पटेल इंटर कॉलेज नवाबगंज के केंद्र व्यस्थापक तथा भोलानाथ रामसुख पटेल इंटर कॉलेज दहियावां के एक कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यस्थापक व बाह्य केंद्र व्यस्थापक को हटाने का निर्देश दिया है। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। इधर शाहजंहापुर में दो, प्रतापगढ़ में दो तथा आजमगढ़ में एक छद्म (प्रॉक्सी या सॉल्वर) परीक्षार्थी पकड़ा गया। यह सभी दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हाईस्कूल की प्रथम पाली में दो बालक एवं एक बालिका नकल करती पकड़ी गई। प्रथम पाली में 8273 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल गणित एवं इंटर में वाणिज्य वर्ग की परीक्षा थी। परीक्षा में 1,71,366 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में इंटर गणित व जीव विज्ञान और गणित कृषि की परीक्षा 7997 केंद्रों पर हुई। इसमें 71,202 गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में कुल 2,42,568 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।



पेपर व्हाट्सएप पर भेजा, केस दर्ज


प्रयागराज। यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान गुरुवार को द्वितीय पाली में इंटर गणित और जीव विज्ञान विषय का पेपर शुरू होने के तकरीबन सवा घंटे बाद व्हाट्सएप पर वायरल करने की कोशिश की गई। बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल के निर्देश पर डीआईओएस आगरा ने विनय चौधरी एवं अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।


डीआईओएस ने पकड़ा नकलची जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने गुरुवार को एक नकलची पकड़ा। गजरूप सिंह इंटर कॉलेज धरवारा करछना में जयपत्ती देवी इंटर कॉलेज बीरपुर करछना के इंटर बायो का छात्र नकल करते मिलने पर डीआईओएस ने रस्टीकेट कर दिया।


शुक्रवार को पहली पाली हाईस्कूल मानव विज्ञान तथा इंटर में भाषा की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में हाईस्कूल एनसीसी व इंटर में मानव विज्ञान की परीक्षाएं आयोजित होगी।

14 शिक्षकों को हटाया, पांच सॉल्वर पर एफआईआर दर्ज: पेपर व्हाट्सएप पर भेजा, केस दर्ज Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link