लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी की चपेट में है। नौतपा में प्रदेश के कई हिस्सों में पारा नए रिकॉर्ड बना रहा है। सोमवार को झांसी सर्वाधिक गर्म रहा। यहां पारा 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। झांसी अब तक दूसरी बार सबसे गर्म रहा है। इससे पहले 1984 में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
47.8 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। आगरा ने इससे पहले 1994 में 47.6 डिग्री पारे का रिकार्ड बनाया था। लखनऊ में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी से तबीयत बिगड़ने के कारण बुंदेलखंड में छह, उन्नाव में दो व औरैया में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
रातें भी गर्म हैं। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार हो गया। हरदोई, लखीमपुर खीरी, वाराणसी बहराइच, प्रयागराज और लखनऊ में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री से 31.8 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक फिलहाल मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा, 30 मई से तापमान में बदलाव शुरू होगा।
यहां रेड अलर्ट: गाजियाबाद, गौतमबद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके में भीषण लू चलने के आसार हैं।
सलाह: हीट स्ट्रोक के खतरे बढ़ जाते हैं। देर तक धूप में रहने से बचें।
दिल्ली में 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने चार दिन प्रचंड लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है राजधानी दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा है। अगले कुछ दिन उत्तर और मध्य भारत को प्रचंड गर्मी से कोई भी राहत नहीं मिलेगी। दक्षिण पश्चिम मानसून पांच दिन में केरल पहुंचने की उम्मीद है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप कायम है। राजस्थान का फलोदी 49.4 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में लू से बीएसएफ के जवान की मौत हो गई।

