जासं, अलीगढ़ः परिषदीय स्कूलों के बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में घर पर सिर्फ मस्ती की पाठशाला नहीं चलेगी, बल्कि पढ़ाई भी होगी। छुट्टियों में पढ़ाई का निरंतरता न टूटे, इसके लिए बच्चों को आनलाइन होम वर्क व प्रोजेक्ट कार्य दिया जाएगा। स्कूलों में इस बार 20 मई से 26 जून तक का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
ग्रीष्मकालीन या शरदकालीन अवकाश के दिनों में बच्चे पढ़ाई लिखाई सब भूल जाते हैं। निजी स्कूलों में तो बच्चों को आफलाइन व आफलाइन मोड में होम वर्क देकर उनका शिक्षा के प्रति तारम्य बनाए रखा जाता है। सरकारी स्कूलों में अभी तक ऐसी व्यवस्था नहीं है। आमतौर पर यह देखने में आया है कि जब बच्चे छुट्टी के बाद स्कूल आते हैं तो पढ़ाई की उनकी तारतम्यता बनाने में समय लगता है। यही वजह है कि विभाग ने निर्णय लिया है कि गर्मी एवं जाड़े की छुट्टियों में घर में आनलाइन पढ़ाई को बढ़ावा दिया जाए।
अभिभावकों के मोबाइल फोन नंबरों को सूचीबद्ध कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अब अधिकतर परिवारों में स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध हैं, जिसका उपयोग बच्चों को आनलाइन होमवर्क देने में किया जाएगा। सबसे पहले सभी अभिभावकों का वाट्सएप ग्रुप तैयार किया जाएगा, जिस पर शिक्षक प्रतिदिन विभिन्न विषयों से संबंधित गृह कार्य बच्चों के लिए भेजेंगे। गृह कार्य के साथ प्रोजेक्ट भी दिए जाएंगे। इसके पीछे बेसिक शिक्षा विभाग की मंशा लर्निंग एट होम को बढ़ावा देने की है। इस संबंध में महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने दिशा- निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों से संपर्क स्थापित करते हुए प्रेरित किया जाए। दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल शैक्षणिक कंटेंट प्रयोग के लिए उपलब्ध है।
• छुट्टियों के बाद लौटे बच्चों की पढ़ाई में तारतम्यता बनी रहेगी
अभिभावकों के वाट्सएप पर भेजेंगे होम वर्क व प्रोजेक्ट कार्य

