विद्यालय भवन पर पेड़ गिरने से मची अफरातफरी
सादुल्लाह नगर, संवाददाता। शिक्षा क्षेत्र रेहरा बजार के विशुनपुर खरहना प्राथमिक विद्यालय में बुधवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। इसी बीच स्कूल प्रांगण में लगा यूकोलिप्टस पेड़ स्कूल भवन पर गिर गया। पेड़ के गिरते ही स्कूल में चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। भयभीत बच्चे इधर-उधर भागने लगे।
विद्यालय भवन पर पेड़ गिरने की खबर सुनकर पूर्व ग्राम प्रधान कपूर चन्द्र कश्यप, जगन्नाथ यादव, बब्लू, सुड्डू व साजू आदि लोग वहां पहुंच गए। पेड़ गिरने से स्कूल भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि
बच्चों एवं स्कूल स्टाफ को कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। पूर्व प्रधान कपूर चंद्र ने कहा कि परिसर में लगे सभी पेड़ों के काटने का ठेका हो चुका था। इसके लिए ठेकेदार ने भुगतान भी कर दिया है। लेकिन स्कूल के प्रधानाध्यापक विजय एवं शिक्षा विभाग की लापरवाही से अभी तक एक भी पेड़ नहीं काटा जा सका। पेड़ गिरने की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गयी है। इस सम्बन्ध में खंड शिक्षाधिकारी रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि पेड़ों का मूल्यांकन न होने से इसके नीलामी में देरी हुई है। नीलामी के लिए उच्चाधिकारीयों को पत्र लिखा गया है।

