बेसिक शिक्षा -डीएम व निदेशक को भेजी फर्जी रिपोर्ट
बागपत। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व बेहतर सुविधाएं देने को लेकर अधिकारी कितने सजग है। इसका इसी बात से पता चलता है कि बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर डीएम समेत शिक्षा निदेशक को फर्जी रिपोर्ट भेज दी। यह रिपोर्ट बच्चों को जर्जर भवनों व ठंड में जमीन पर बैठाकर पढ़ाने की पोल खुलने के बाद तैयार हुई।
जिले के काफी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को जर्जर भवनों व ठंड में बाहर खुले में जमीन पर बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। इसके तीन दिन पहले के वीडियो व फोटो भी सामने आने से बेसिक शिक्षा विभाग की सुविधाओं की पूरी पोल खुल गई। बच्चों को जर्जर भवन और ठंड में खुले में नीचे न बैठाया जाए, इसलिए अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद बीएसए गीता चौधरी ने सभी ब्लॉक के बीईओ को ऐसे स्कूलों में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे, जहां के वीडियो व फोटो सामने आए थे। वहां व्यवस्था बेहतर व बच्चों की सुरक्षा को लेकर भले ही कोई कदम नहीं उठाया गया, मगर फर्जी रिपोर्ट जरूर तैयार कर दी गई।
कई ब्लॉक के बीईओ ने बीएसए को रिपोर्ट में स्कूलों में सबकुछ बेहतर बता दिया। कहा गया कि जिन स्कूलों में भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं, वहां भी बच्चों को नीचे नहीं बैठाया जा रहा है। वहीं स्कूलों में जर्जर भवनों में बच्चों को बैठाकर न पढ़ाने का दावा भी कर दिया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की डीएम व शिक्षा निदेशक को भेजी गई फर्जी रिपोर्ट की पोल खोल दी।

