मिर्जामुराद के अमिनी गांव में कुएं में मृत मिले छात्र शनि कुमार प्रजापति (15) की मौत डूबने की वजह से हुई थी। छात्र के शरीर पर किसी भी किस्म के चोट के निशान नहीं मिले हैं। यह जानकारी छात्र के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को दी है। उधर, इससे पहले शनिवार की देर रात छात्र के शव की अंत्येष्टि पुलिस की मौजूदगी में मिर्जापुर के बरैनी घाट पर गंगा किनारे की गई।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमिनी गांव निवासी मुकेश प्रजापति और मीरा देवी का इकलौता बेटा शनि बीते गुरुवार से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा तो पिता ने मिर्जामुराद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार को शनि का शव अमिनी गांव निवासी बनारसी गुप्ता के घर के सामने स्थित कुएं में मिला। पोस्टमार्टम और अंत्येष्टि के बाद रविवार को भी गांव में मातम पसरा रहा। इकलौते बेटे को खोने के बाद मीरा देवी और मुकेश की हालत बेसुधों जैसी है। मुकेश ने शनि की हत्या की आशंका जताते हुए न्यायिक जांच की मांग की है।
इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि छात्र के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार उसकी कुएं में डूबने से मौत हुई है। मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वॉड भी कुएं से छात्र के कमरे तक ही गया था। इसलिए संभावना है कि किशोर ने आत्महत्या की है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर क्या वजह थी कि छात्र को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।
.jpg)
