भाभी की जगह सीटीईटी देने आई ननद को पकड़ा
कानपुर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में शनिवार को अपनी भाभी की जगह परीक्षा देने आई ननद पकड़ी गई है। उसके खिलाफ बर्रा थाने में एफआईआर हुई है। आरोपी कन्नौज की रहने वाली है और सुबह की पाली में उसने चकेरी के एक केंद्र में खुद भी परीक्षा दी थी। दूसरी पाली में वर्रा के पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन पहुंची। यहां बायोमीट्रिक जांच के दौरान केंद्र निरीक्षकों ने इस धोखाधड़ी का खुलासा किया।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि वर्ग स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन में केंद्र निरीक्षक प्रवेश पत्र और बायोमीट्रिक का मिलान कर रहे थे। इस दौरान एक परीक्षार्थी की बायोमीट्रिक पहचान का मिलान नहीं हुआ। केंद्र निरीक्षकों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने महिला परीक्षार्थी से पूछताछ की तो उसने सब बता दिया। परीक्षार्थी की पहचान कन्नौज के घनापुरवा लाख निवासी संध्या के रूप में हुई। वह अपनी भाभी शिवानी देवी की जगह परीक्षा देने आई थी। संध्या का खुद का सेंटर चकेरी के एक स्कूल में पड़ा था। डीसीपी के अनुसार भाभी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
