Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, March 6, 2026

यूपी में कक्षा 8 की एनसीईआरटी की विवादित सोशल साइंस पुस्तक पर रोक

यूपी में कक्षा 8 की एनसीईआरटी की विवादित सोशल साइंस पुस्तक पर रोक


लखनऊ: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा 8 की एनसीईआरटी की सोशल साइंस की नई पुस्तक “समाज की खोज : भारत और उससे परे – भाग 2” पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को इस पुस्तक का उपयोग तुरंत बंद करने के निर्देश दिए हैं।


सरकार ने यह भी कहा है कि जहां-जहां इस पुस्तक की प्रतियां उपलब्ध हैं, उन्हें जब्त कर सील किया जाए। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका पर 26 फरवरी को दिए गए आदेश के आधार पर लिया गया है। इसके बाद 27 फरवरी को केंद्र सरकार ने भी सभी राज्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए थे।


बताया गया है कि पुस्तक के “भूमिका” शीर्षक वाले अध्याय में न्यायपालिका की व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख किया गया था। इस सामग्री पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे न्यायपालिका की छवि प्रभावित हो सकती है। इसके बाद अदालत ने पुस्तक के प्रकाशन, वितरण और डिजिटल प्रसार पर रोक लगाने का आदेश दिया।


सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों के प्रमुख सचिवों को भी निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का पालन सुनिश्चित करते हुए दो सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करें।


इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने जिलों से रिपोर्ट मांगी है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशकों, संयुक्त शिक्षा निदेशकों, सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को आदेश जारी कर सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।


निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि फरवरी में प्रकाशित यह पुस्तक किसी भी स्कूल में पढ़ाई के लिए उपयोग में नहीं लाई जाएगी। यदि कहीं इसका वितरण हो चुका है तो वहां से प्रतियां तत्काल जब्त की जाएंगी।

यूपी में कक्षा 8 की एनसीईआरटी की विवादित सोशल साइंस पुस्तक पर रोक Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link