स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल से, हर बच्चे को जोड़ने का लक्ष्य
लखनऊ। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूल चलो अभियान एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इस संबंध में समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार ड्रॉपआउट बच्चों के नामांकन को लेकर भी 4 से 15 अप्रैल और 4 से 15 जुलाई तक दो चरणों में अभियान चलाया जाएगा।
निर्देशों के मुताबिक अभियान के दौरान शिक्षक, शिक्षा मित्र घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। जिन बच्चों का नामांकन अब तक नहीं हुआ है या जो बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं, उन्हें चिह्नित करेंगे, फिर उनका दाखिला कराया जाएगा। इस बार शारदा एप में ड्रॉपआउट ऐज पर यू-डायस स्टेटस नाम से नया मॉड्यूल जोड़ा गया है।
शारदा एप के नए मॉड्यूल से होगी ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान
इसके जरिये ड्रॉपआउट बच्चों को जोड़ा जाएगा। विशेष रूप से वंचित, दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के बच्चों के साथ ही बालिकाओं पर फोकस किया जाएगा।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत, शहरी वार्ड और ब्लॉक स्तर पर रैलियां, प्रभात फेरी, जागरुकता कार्यक्रम और नामांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में नामांकन उत्सव मनाए जाएंगे। अभियान की नियमित निगरानी जिला और राज्य स्तर पर की जाएगी। अधिकारियों को नामांकन की प्रगति रिपोर्ट भी भेजनी होगी।

