Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, April 27, 2026

10वीं और 12वीं के शैक्षिक विवरण में संशोधन के लिए आज से लिया जाएगा आवेदन

 प्रयागराज : यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इन परीक्षाओं में शामिल छात्र-छात्राएं यदि अपने शैक्षिक विवरण में संशोधन कराना चाहते हैं तो उनके लिए यूपी बोर्ड ने फिर एक बार मौका दिया है। वह शैक्षिक विवरण में संशोधन के लिए सोमवार से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन छह मई तक लिया जाएगा। परीक्षार्थियों के प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र में त्रुटि रहित विवरण सुनिश्चित करने तथा छात्र व छात्राओं व उनके अभिभावकों को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से बोर्ड ने यह कदम उठाया है। इसके बाद बोर्ड के प्रपत्रों में किसी तरह का संशोधन कराना संभव नहीं होगा।




6 मई तक परीक्षार्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन


बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार परीक्षार्थी अपने नाम, माता/पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि, जन्मतिथि, फोटो आदि में संशोधन करा सकते हैं। संबंधित प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप एवं मैनुअल डाउनलोड कर लें। इसके बाद प्रधानाचार्य निर्धारित प्रारूप में आवश्यक संशोधन का विवरण मैनुअल (संलग्नक) के अनुरूप स्पष्ट रूप से अंकित करते हुए, स्वयं सत्यापित कर, संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर विद्यालय की ओर से पुनः वेबसाइट पर लॉगिन करते हुए पूरित प्रारूप अपलोड करें।


समस्त आवश्यक अभिलेख/साक्ष्य भी परिषद् की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसकी शुरुआत 27 अप्रैल से हो रही है। छह मई तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित अवधि में संशोधन अपेक्षित होने के बावजूद, पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत नहीं किया जाता तथा प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र निर्गत होने के बाद संशोधन की अपेक्षा की जाती है, तो ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

10वीं और 12वीं के शैक्षिक विवरण में संशोधन के लिए आज से लिया जाएगा आवेदन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link