बाराबंकी : शिक्षा के स्तर को मजबूत बनाने के लिए समग्र शिक्षा के तहत अवध क्षेत्र के 13 विद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। इनमें बाराबंकी के चार विद्यालय शामिल हैं। लखीमपुर व गोंडा के तीन-तीन, बलरामपुर, अमेठी व सुल्तानपुर का एक-एक स्कूल अपग्रेड होगा।
उच्च कक्षाओं में उच्चीकृत करने के लिए यहां पर संसाधनों को बढ़ाया जाएगा। बजट स्वीकृत हो चुका है। भवन निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को दी गई है। टेंडर प्रक्रिया होना बाकी है, जो अगले सप्ताह शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। गोंडा व बाराबंकी के दो-दो विद्यालय हाईस्कूल में अपग्रेड होंगे, जबकि सुल्तानपुर व रायबरेली के एक-एक विद्यालय शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट अपग्रेड में बलरामपुर व गोंडा के एक-एक, अमेठी का एक, बाराबंकी के दो और लखीमपुर खीरी के तीन विद्यालय शामिल किए गए हैं।
जिले में सिद्धौर ब्लाक के इसरौली सारी व सिरौलीगौसपुर के महमूदाबाद उच्च प्राथमिक स्कूल में अब हाईस्कूल तक की कक्षाएं संचालित होगी। अभी तक यहां पर कक्षा आठ तक की पढ़ाई होती थी। इसी प्रकार हैदरगढ़ के राजकीय हाईस्कूल चौबसी व देवा के राजकीय हाईस्कूल चौबसी में इंटरमीडिएट की कक्षाएं चलेगी। अब यहां के छात्रों को इंटर की पढ़ाई के लिए दूरस्थ दूसरे कालेजों में नहीं जाना पड़ेगा। विद्यालयों के अपग्रेड होने से सर्वाधिक लाभ किशोरियों को होगा। जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक शिक्षा अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि प्रति हाईस्कूल अपग्रेड पर करीब 1.48 करोड़ रुपये और इंटरमीडिएट के लिए करीब 2.21 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस बजट से स्कूलों में आवश्यक भवन, अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला व अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 31 मार्च तक कार्य पूरा होगा।

