यूपी में आज से गिने जाएंगे मकान, इंसान फरवरी में
लखनऊ, यूपी में आज से मकानों को गिनने का सिलसिला शुरू होगा जबकि इंसानों की गिनती दूसरे चरण यानी अगले साल फरवरी में होगी। शुक्रवार से जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक घर-घर जाएंगे।
लोगों से 33 सवाल पूछेंगे, जिन्हें प्रगणक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए दर्ज करेंगे। स्वगणना का गुरुवार को अंतिम दिन था। सात से 21 मई तक चली मुहिम के दौरान 46 लाख 93 हजार 783 लोगों ने स्वगणना की। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं। स्वगणना में शाहजहांपुर शीर्ष जबकि कौशांबी सबसे निचले पायदान पर रहा। राजधानी लखनऊ में 98 हजार 331 लोगों ने स्वगणना की। जनगणना का पहला चरण हाउस सर्वे शुक्रवार से शुरू होगा। 20 जून तक फील्ड कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। परिवार, मकान व परिसंपत्तियों से जुड़े 33 सवालों के जवाब दर्ज करेंगे। इस बार जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है।
5.25 लाख की ड्यूटी: तय समय में जनगणना के लिए सरकार ने लंबा-चौड़ा अमला लगाया है। पूरी प्रक्रिया के लिए 5.25 लाख अफसर-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक मार्च को आबादी के आंकड़े जारी किए जाएंगे।

