Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, May 22, 2026

जनगणना में ड्यूटी दूर लगाने के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन

 जनगणना में ड्यूटी दूर लगाने के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन




आक्रोश


बस्ती,। सदर तहसील के जनगणना कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी अनियमित ढंग से लगाने को लेकर शिक्षकों ने सदर तहसील में विरोध-प्रदर्शन किया। तहसील पहुंचे शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि ड्यूटी निर्धारण में पारदर्शिता नहीं बरती गई। शिक्षकों की जनगणना में तैनाती उनके विद्यालय से काफी दूर लगाई गई है। प्रदर्शन के बाद एसडीएम के पास पहुंचे शिक्षकों ने कहा कि यदि लगाई गई जनगणना ड्यूटी रद्द करके नए सिरे से शिक्षकों की सुविधानुसार नहीं लगाई गई तो वे सभी जनगणना का सामूहिक बहिष्कार करेंगे।


उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह और मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में बुधवार को शिक्षक सदर तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले। जब अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिक्षकों की बात नहीं मानी तो शिक्षक धरने पर बैठ गए। इसके बाद एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सदर तहसील में लगी सभी शिक्षकों की ड्यूटी तत्काल प्रभाव से रद्द की गई। उनकी ड्यूटी नए सिरे से लगाने का निर्देश जारी किया गया। इस आश्वासन के बाद आंदोलनरत शिक्षक शांत हो गए।


ड्यूटी लगाने में पुनः कोई अनियमितता नहीं होने पाए, इसके लिए संबंधित ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों को भी लगाया गया है। शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री ने बताया कि शिक्षकों की तैनाती स्थल से 40 किलोमीटर दूर ड्यूटी लगाई गई है। यह बिल्कुल उचित नहीं है। कुदरहा के शिक्षकों को ड्यूटी बनकटी, बनकटी के शिक्षकों की ड्यूटी साऊंघाट, साऊंघाट की ड्यूटी बहादुरपुर में लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि जब जनगणना उस क्षेत्र में भी होनी है, जहां पर उसकी तैनाती है, तो क्यों उन्हें दूसरे क्षेत्र में भेजा गया। जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने कहा कि ड्यूटी निर्धारण में विद्यालय की दूरी, शिक्षकों की संख्या तथा महिला शिक्षकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।


धरने में मुख्य रूप से सुधीर तिवारी, अशोक यादव, विजय यादव, राजीव सिंह, अनीश, असर जमाल, आशीष दुबे, संजय यादव, नीरजा चौधरी, साधना यादव, रोजेश वर्मा, मुकेश्वर, अंतिका, शीला, अजय श्रीवास्तव, रुक्मुद्दीन, सनद पटेल, डॉ. प्रमोद सिंह, अमित सिंह, उमाकांत शुक्ल, सुरेश गौड़, प्रदीप कुमार मिश्र, सोनू पाल विश्वास, हर्ष विकास पांडेय, मोहम्मद असलम आदि उपस्थित रहे।

जनगणना में ड्यूटी दूर लगाने के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link