आज प्रदेश के 27 जिलों में लू के थपेड़ों की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फिलहाल एक हफ्ते तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के तराई और दक्षिणी इलाके के 27 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल यूपी में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। मानसून की दस्तक में देरी से अगले तीन-चार दिनों तक तापिश का प्रकोप और लू की परिस्थितियां बने रहने की आशंका है।
बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर रहा, जबकि कानपुर और हमीरपुर में हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को कुछ राहत दी। 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं झांसी में 42.2 डिग्री, प्रयागराज में 41.8 डिग्री और वाराणसी में 41.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
27 जिलों में लू का येलो अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

