सिपाही भर्ती में ओबीसी के 18,210 अभ्यर्थी सफल
लखनऊ, आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस के 10469, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 15131, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1341, पीएसी महिला बटालियन के महिला आरक्षी के 2282, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71, जेल वार्डर (पुरुष) के 3279 व जेल वार्डर (महिला) के 106 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। अंतिम चयन परिणाम में सामान्य वर्ग के कुल 6685 अभ्यर्थी शामिल हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4628 अभ्यर्थी हैं। इसी तरह अन्य पिछड़ा वर्ग के 8818 पदों की तुलना में 18,210 अभ्यर्थी, अनुसूचित जाति के 6857 पदों की तुलना में 7136 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें कुल 4481 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
बोर्ड के अनुसार भर्ती के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। भर्ती की लिखित परीक्षा इसी वर्ष आठ, नौ व 10 जून को सभी जिलों में कुल छह पालियों में हुई थी। अभिलेखों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की दौड़ एक से 11 अक्तूबर के मध्य हुई थी। हर अभ्यर्थी की दौड़ के मूल्यांकन के लिए आरएफआईडी तकनीक का प्रयोग किया गया।
बोर्ड ने दौड़ पूरी होने के तीन दिन बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया है।

