शिक्षा मित्रों को मिलेगा सितंबर-अक्टूबर का बढ़ा मानदेय, 460 करोड़ रुपए जारी
उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षा मित्रों को बढ़ा मानदेय दिए जाने के लिए 460 करोड़ रुपये की रकम जारी की गई है। सितंबर और अक्तूबर का मानदेय दिए जाने के लिए यह रकम जारी की गई है। अभी तक शिक्षा मित्रों को 10 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाता था और अब 18 हजार रुपये दिया जाएगा। मानदेय बढ़ोत्तरी की घोषणा पहले की जा चुकी है।
परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में कुल 127841 शिक्षामित्र कार्यरत हैं। सितंबर व अक्तूबर दो महीने की मिला कर कुल 460 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है। दोनों महीनों के मानदेय के भुगतान के लिए सभी जिलों को रकम जारी कर दी गई है। मानदेय में करीब 80 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है। पहले 10 हजार रुपये मासिक मानदेय था, जिसे बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है। शिक्षामित्रों को मानदेय बढ़ोतरी का तोहफा योगी सरकार की ओर से दिए जाने की घोषणा की गई थी। अब इसे अमली जामा पहनाया जा रहा है। सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि मानदेय भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। रकम जिलों को भेज दी गई है और अब शिक्षामित्रों को शीघ्र मानदेय दिया जाए।
योगी आदित्यनाथ सरकार दिवाली से पहले यूपी के राज्य कर्मचारियों को बढ़ा डीए (महंगाई भत्ता) और बोनस देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक 3400 से 7000 रुपये तक के बोनस का ऐलान किया जा सकता है। बोनस का लाभ अराजपत्रित कर्मचारियों को दिया जाता है। वहीं, वित्त विभाग सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत भी देने की तैयारी कर रहा है। यह बढ़ोतरी जुलाई से लागू होगी। इससे प्रदेश के 12 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों और 6 लाख से अधिक पेंशनरों यानी कुल 18 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।
आउटसोर्स कर्मचारियों को भी मिलेगा बढ़ा मानदेय
वहीं, योगी सरकार विभिन्न विभागों में आउटसोर्स पर काम कर रहे करीब 2.70 लाख कर्मचारियों को भी दिवाली से पहले बढ़ा मानदेय देने की तैयारी में है। उम्मीद जताई जा रही है कि कर्मचारियों को सितंबर से बढ़ी दर पर मानदेय दिया जाएगा। ऐसे में अक्तूबर का बढ़ा वेतन, जो नवंबर में कर्मचारियों को दिया जाएगा, उसमें सितंबर को एरियर भी हो सकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पिछले 2 सितंबर को कई ऐलान किए थे। उन्होंने बताया था कि अब मानदेय सीधे कर्मचारियों के बैंक खाते में जाएगा और घटना-दुर्घटना, आपदा का शिकार होने पर निर्धारित श्रेणी के अनुसार 20 से 40 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर परिवार को मिलेगा। अग्निकांड का शिकार होने पर 10 लाख, आकस्मिक दवा के लिए पांच लाख, आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस की सुविधा के लिए 10 लाख, बेटे की शिक्षा के लिए 8 लाख, बेटी की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक मिलेगा।

