ग्राम पंचायतों में बढ़ाएं डिजिटल सुविधाएं
लखनऊ। यूपी की ग्राम पंचायतों में लोगों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने में तेजी लाई जाए। आधार सेवा केंद्र खोलने व दूसरे चरण की डिजिटल लाइब्रेरियां स्थापित किए जाने के काम में तेजी लाई जाए। यह निर्देश पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दिए। गुरुवार को उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने पंचायतों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार में तेजी लाने के आदेश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों को जल्द स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाए। डिजिटल ग्राम योजना में उन्होंने तेजी लाने के भी आदेश दिए। डिजिटल लाइब्रेरी के दूसरे चरण के काम में बेवजह लेट लतीफी न की जाए। आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर इसे धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग की वेबसाइट को बेहतर ढंग से अपडेट किया जाए। उस पर विभाग से जुड़ी सभी योजनाओं के बारे में संपूर्ण जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में डिजिटल संसाधनों का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाओं की उपलब्धता को और मजबूत करना है। बैठक में प्रमुख सचिव, पंचायती राज रविन्द्र और निदेशक अमित कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
