दिल के मरीजों का कोलेस्ट्रॉल काबू करेंगी 20 रुपये रोज की तीन दवाएं
दिल के मरीजों का कोलेस्ट्रॉल काबू करेंगी 20 रुपये रोज की तीन दवाएं
लखनऊ। हार्ट अटैक के बाद स्टेंट डलवाने के बाद खतरा पूरी तरह खत्म नहीं होता है। खून में खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) का स्तर दवाएं खाने के बावजूद बढ़ा रहता है। इससे दिल की धमनियों में दोबारा रुकावट का जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे मरीजों के लिए पीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में स्टेंड डलवा चुके 322 मरीजों पर हुए एक शोध ने बड़ी उम्मीद जगायी है।
रोजाना 20 रुपये की तीन दवाओं के ट्रायल से मरीजों का खराब कोलेस्ट्राल लक्ष्य के भीतर आ गया। 48 हफ्ते बाद 84.8 फीसदी मरीजों का एलडीएल 70 से नीचे आ गया। साथ ही दवाओं से रोगियों के शरीर की सीआरपी भी कम हुई। महीने में 30 हजार के दो इंजेक्शन के मुक़ाबले 600 रुपए की दवा के रिजल्ट अच्छे आए। शोध को प्रतिष्ठित अन्तरराष्ट्रीय जर्नल ऑफ क्लीनिकल लिपिडोलॉजी में प्रकाशित हुआ है।
12 हफ्ते में 30 फीसदी कोलेस्ट्राल में कमी : पीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. नवीन गर्ग ने संस्थान में हार्ट अटैक के बाद स्टंड डलवाने वाले 322 मरीजों को अध्ययन में शामिल किया। यह मरीज कम से कम 12 हफ्ते से रोसुवास्टेटिन 40 एमजी और एजेटिमाइब 10 एमजी दवा ले रहे थे। इसके बावजूद उनका खराब कोलेस्ट्राल 70 से ऊपर था। इनमें तीसरी दवा के तौर पर बेम्पेडोइक एसिड 180 एमजी दी। 12, 24 और 48 हफ्ते पर रोगियों की जांच की।
पीजीआई कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. नवीन गर्ग, डॉ.अमित विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य कपूर, डॉ. सत्येंद्र तिवारी, डॉ.रूपाली खन्ना, डॉ. अंकित साहू शामिल रहे।

