मतदाता सूची में युवाओं व महिलाओं के नाम जोड़ने को चलेगा अभियान, पोर्टल और ऐप से कर सकते हैं आवेदन
यूपी में युवाओं व महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कोई भी पात्र मतदाता न छूटे के उद्देश्य को लेकर यह अभियान सभी जिलों में चलेगा। पहली बार मतदाता बन रहे युवाओं, दिव्यांगों व बेघर लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए गए कि कोई भी मतदाता न छूटे इस बात का विशेष ध्यान रखते हुए लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। उन्हें फॉर्म-6 भरवाया जाए और लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में कोई कठिनाई न हो इसका विशेष ध्यान दिया जाए। अभियान में शैक्षिणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और कर्मियों की मदद लेकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को वोटर बनाने के लिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराया जाए।
फॉर्म-6 की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में रहे और कहीं किसी भी जिलें में इसकी कमी की शिकायत न मिले।
पोर्टल और ऐप से कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिक सिटीजन सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in और ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म भरकर अपने बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को जमा कर सकते हैं। एसआईआर को छोड़कर अन्य पुनरीक्षणों में भरे जाने वाले फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र की अनिवार्यता को भारत चुनाव आयोग ने खत्म कर दिया है। उन्होंने सभी डीएम को निर्देश दिए कि जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जिससे अधिक से अधिक नागरिक मतदाता बन सकें। महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, ग्राम विकास व युवा कल्याण विभाग के सहयोग लेकर बेहतर ढंग से अभियान चलाया जाए।

