Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, November 13, 2026

जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर को स्वगणना से शुरू होगा

जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर को स्वगणना से शुरू होगा

प्रतापगढ़: जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर से स्वगणना के साथ शुरू होगा। 16 से 30 नवंबर तक नागरिक घर बैठे मोबाइल फोन से अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। दूसरे चरण के लिए नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दे दिया गया है और उन्हें आवश्यक स्टेशनरी व अभिलेख उपलब्ध करा दिए गए हैं।





एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी दर्ज करेंगे और उसे मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे। प्रगणक और सुपरवाइजर पहले ही मकानों की गणना का काम पूरा कर चुके हैं।


नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रगणकों को पूरा सहयोग दें और सही तथा स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना का रिवीजन नौ जनवरी 2027 तक किया जाएगा, और इस दौरान ऐप के माध्यम से त्रुटियों में सुधार किया जा सकेगा।


स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता


प्रशासन ने स्कूल-कॉलेजों से शिविर आयोजित कर स्वगणना में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय कार्य है और इसमें सभी की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। छात्रों और शिक्षकों के माध्यम से अभिभावकों तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि प्रगणक के घर पहुंचने पर हर सवाल का सही और स्पष्ट उत्तर दिया जा सके।


सीडीओ ने प्रगणकों को दी जानकारी


प्रतापगढ़ के सीडीओ डॉ. राममोहन मीणा ने गुरुवार को सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज में प्रगणकों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वगणना की प्रक्रिया समझाई और निर्देश दिए कि 16 नवंबर से शुरू होने वाली प्रक्रिया के दौरान प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब पूरी जनगणना डिजिटल और पेपरलेस माध्यम से हो रही है, और नागरिक मोबाइल फोन से घर बैठे आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इस अवसर पर तहसीलदार (सदर) ओम प्रकाश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी (सदर) बंशीधर पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी मांधाता प्रभाकर यादव, धर्मेंद्र ओझा, डॉ. विंध्याचल सिंह आदि उपस्थित रहे।


शहरवासियों को स्वगणना के बारे में बताया


शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में गुरुवार को प्रधानाचार्य गीता के नेतृत्व में अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें शिक्षिका प्रतिमा मिश्रा ने अभिभावकों को जनगणना के प्रति जागरूक किया और उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया समझने के लिए प्रेरित किया। बैठक में पशुओं के प्रति क्रूरता की निंदा की गई और उनके प्रति संवेदनशीलता का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद सीडीओ डॉ. राममोहन मीणा के स्वगणना से जुड़े अपील वीडियो को भी दिखाया गया।



जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर को स्वगणना से शुरू होगा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link