Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, October 16, 2021

लेखपाल के रजिस्टर में दर्ज होगी स्कूल-तालाब की सूचना

गोरखपुर। जिले के हर गांव की छोटी बड़ी सभी तरह की सूचनाएं प्रशासन के पास रहें, इसके लिए डीएम ने एक नई पहल की है। इसके तहत सभी लेखपालों को एक विशेष तरह का रजिस्टर दिया जाएगा जिसमें उसे क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में स्कूल-कॉलेज, तालाब से लेकर शस्त्र लाइसेंसधारियों समेत 29 बिंदुओं से जुड़ी सूचनाएं दर्ज करनी होंगी। समय-समय पर इस रजिस्टर को अपडेट करना होगा।



रजिस्टर में ग्राम सभा की सामान्य सूचनाओं के अलावा कृषि आवंटन, सीलिंग आवंटन, मत्स्य पालन के लिए तालाब आवंटन, आवास आवंटन का विवरण, वृक्षारोपण आवंटन, कुम्हारी कला आवंटन, आसामी आवंटन का विवरण, गांव में प्राथमिक स्कूल से लेकर डिग्री कॉलेज तक का विवरण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, राशन की दुकान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं केंद्र का विवरण दर्ज करना होगा। इसी तरह शस्त्र लाइसेंस धारकों की सूची विवरण सहित, भूमि विवाद का विवरण, भूमि विवाद के अलावा ऐसे व्यक्तियों का पूरा विवरण जिनके कारण शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, गांव में पहले कभी शांति व्यवस्था भंग हो चुकी है तो उसका पूरा विवरण भी देना होगा।

रजिस्टर में प्रशासन के सहयोगी लोगों की जानकारी, सरकारी भवन एवं कार्यालय की विवरण, ग्राम सभा, सरकारी, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जेदारों का पूर्ण विवरण सार्वजनिक उपयोग की आरक्षित श्रेणी की भूमि का गाटावार विवरण, आम आदमी बीमा योजना आदि से जुड़ी जानकारी भी द करनी होगी। 


गांव से जुड़ी सभी तरह की सूचनाएं एक जगह रखने के लिए एक पहल की गई है। सभी लेखपालों को रजिस्टर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिसमें सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं दर्ज करने के साथ ही समय-समय पर इसे अपडेट भी करना होगा। इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। सीआरओ इसकी निगरानी करेंगे। सूचनाएं संकलित होने से योजनाओं के लाभ की स्थिति समेत कई जरूरी सूचनाएं आसानी से मिल सकेंगी।


- विजय किरन आनंद, डीएम



लेखपाल के रजिस्टर में दर्ज होगी स्कूल-तालाब की सूचना Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link