प्रतापगढ़ / बाबागंज। स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा आठ की दलित छात्रा को पोर्न फिल्म दिखाकर छेड़खानी करने और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद हेडमास्टर और आरोपी शिक्षक ने स्कूल छोड़ दिया है। प्रकरण को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले की जांच सीओ लालगंज को सौंपी गई है।
जिले के संग्रामगढ़ इलाके अवसानगंज स्थित जवाहर लाल स्मारक इंटरमीडिएट कालेज में कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा का आरोप है कि शनिवार को विद्यालय के प्राइवेट शारीरिक शिक्षक (जिम ट्रेनर) सत्यम पांडेय ने उसे बुलाकर अश्लील वीडियो दिखाते हुए उसके साथ छेड़खानी की। मामले की शिकायत करने पर मारपीट की गई। इस मामले में तहरीर मिलने पर संग्रामगढ़ पुलिस ने शिक्षक सत्यम पांडेय और प्रधानाध्यापक रामराज पांडेय के खिलाफ पाक्सो की धारा में दर्ज कर लिया।
पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए हेडमास्टर और शिक्षक सोमवार को स्कूल नहीं आए। अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। विवेचक पीड़ित छात्रा समेत कालेज में पढ़ने वाली दूसरी छात्राओं और छात्रों का भी बयान दर्ज कर पता हकीकत का लगाएंगे।
