मंझनपुर / करारी। प्रयागराज में 21 दिसंबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने वाली सात जिले की 3541 महिला लाभार्थी कौशाम्बी जनपद में ठहराई जाएंगी। यह सभी 20 दिसंबर को ही जिले में आ जाएंगी। इन्हें जनपद के आठ अलग-अलग विद्यालयों में ठहराया जाएगा। रात्रि विश्राम के बाद 21 दिसंबर की सुबह आठ बजे इन्हें प्रयाराज के लिए प्रस्थान कराया जाएगा। कार्यक्रम से लौटने के बाद वापस इन्हें उन्हीं विद्यालयों में ठहराया जाएगा। अगले दिन 22 दिसंबर को ये सभी अपने-अपने गृहजनपद के लिए रवाना होंगी।
डीएम सुजीत कुमार ने बाहर से आने वाले लाभार्थियों के ठहरने को लेकर अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंप सौंप दी हैं। डीआईओएस को विद्यालय चिंहित करने के साथ ही पंचायती राज विभाग को परिसर की साफ-सफाई, टायलेट, पेयजल, पुलिस विभाग को सुरक्षा, खंड विकास अधिकारियों के खान-पान की व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके तहत संबंधित विभागों के अफसरों ने अपनी-अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही महिलाओं को डॉ. रिजवी कॉलेज में भी रुकने की व्यवस्था की गई है। 1241 महिलाओं को रहने व खाने पीने की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। इसकी व्यवस्था की जिम्मेदारी कॉलेज के मेंटेनेंस अधिकारी आलोक श्रीवास्तव को दी गई है। संवाद
