हाथरस। विकास खंड हसायन के प्राथमिक विद्यालय मुगलगढ़ी में तैनात शिक्षक के शैक्षिक प्रमाणपत्रों पर विभाग को संदेह है। इसके अलावा बीएससी के चार सेमेस्टरों की मार्कशीट जमा भी नहीं कराई। गई है। इन बातों को लेकर अब विभाग को शिक्षक के शैक्षिक प्रमाणपत्र संदिग्ध लग रहे हैं। तभी तो शिक्षक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा गया है।
गिरधारी सिंह पुत्र रामसिंह (सहायक अध्यापक), प्राथमिक विद्यालय मुगलगढ़ी, विकास खंड हसायन की नियुक्ति 69,000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत हुई थी। जनवरी 2021 को तैनाती हुई। चयन से पूर्व काउंसिलिंग में शैक्षिक प्रशिक्षण आदि अन्य अभिलेख मूल रूप में और स्वप्रमाणित छाया प्रतियां प्रस्तुत कीं। शासनादेशों के अनुपालन में जिनको संबंधित निर्गमन संस्थाओं को सत्यापन के लिए प्रेषित किया गया। शिक्षक द्वारा काउंसिलिंग के समय कार्यालय में अपने बीएससी के प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम सेमेस्टर की अंकतालिकाएं भी कार्यालय में जमा नहीं की गईं। शैक्षिक अभिलेखों में इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2003, बीएससी 2006 एवं बीएड 2017 के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र संबंधी प्रमाणपत्र देखने पर प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में शिक्षक के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने की बात कही है। प्रमाणपत्रों के संबंध में साक्ष्यों सहित अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए शिक्षक को एक सप्ताह का समय दिया गया है, अन्यथा अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही गई है। संवाद
