Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, September 14, 2022

संचारी रोगों के खिलाफ फिर चलेगी मुहिम

 संचारी रोगों के खिलाफ फिर चलेगी मुहिम


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 7 से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। सीएम योगी अभियान का शुभारंभ करेंगे। दोनों अभियानों में 11 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर दिमागी बुखार, वायरस और बैक्टीरिया से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक देंगे। इस वर्ष अभियान का यह तीसरा चरण होगा। इससे पहले अप्रैल और जुलाई में अभियान चलाया जा चुका है।


अभियान के दौरान आशा बहनें और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। वह टीबी, फ्लू, बुखार, कुपोषित बच्चों और आईएलआई (इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस) समेत अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों की पहचान कर उसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपेंगी।


नोडल अधिकारी करेंगे मॉनिटरिंग


मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने अभियान को शुरू करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज और ग्राम्य विकास विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उद्यान विभाग और सूचना विभाग को कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ भी जुड़ेंगे। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर विभाग से प्रदेश स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। वह अभियान से जुड़ी गतिविधियों की मॉनिटरिंग संग समय-समय पर बैठक करेंगे। अभियान के तहत वायरस, बैक्टीरिया से जुड़ी बीमारी को नियंत्रित करने, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जल जमाव की रोकथाम, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए जागरूकता व अन्य गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।



दवा की जाएगी वितरित अभियान के तहत घर-घर जाने वाली टीम एक्यूट डायरिया को ध्यान में रखते हुए लोगों को जिंक टैबलेट, ओआरएस पैकेट्स, पानी को साफ करने वाली क्लोरीन की टैबलेट वितरित करेगी।

संचारी रोगों के खिलाफ फिर चलेगी मुहिम Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link