फिरोजाबाद। विद्युत चोरी पर लगातार अभियान चलने के बाद भी विद्युत चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। विद्युत टीम ने बुधवार को मोहल्ला नूर नगर में एक स्कूल में विद्युत चोरी पकड़ी। इसके साथ ही पुरुषोत्तम विहार बिजली नगर के गायकवाड़ नगर में एक लाइब्रेरी में सीधे तार डालकर विद्युत चोरी से लाइब्रेरी को रोशन किया जा रहा था। दोनों ही मामले में विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विद्युत टीम आसफाबाद में आरपी वर्मा अधिशासी अभियंता के निर्देशन में विद्युत मित्र पोर्टल से एक शिकायत मिली थी, कि एक स्कूल में विद्युत चोरी काफी लंबे समय से की जा रही है। टीम के सदस्य अजय कुमार एसडीओ, जेई अभिषेक कुमार नूर नगर स्थित स्कूल पहुंचे, वहां पर देखा कि स्कूल में बिजली चोरी की जा रही है। मौके पर चार किलोवाट का लोड भी मिला। वहीं पुरुषोत्तम विहार बिजली घर के क्षेत्र गायकवाड नगर रेपुरा रोड पर एक लाइब्रेरी में 12 किलो वाट का लोड मिला। सीधे कटिया डालकर विद्युत चोरी की जा रही थी।
प्रवर्तन दल की टीम का विरोध भी हुआ। टीम में अजय कुमार एसडीओ, लोकेंद्र पाठक जेई, वाजिद अली जेई आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही विद्युत वितरण खंड प्रथम दबरई के तहत हाईलाइन विद्युत हिरनगांव में भी विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया गया। इसमें आठ लोगों पर विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। 42 कनेक्शन काटे गए। कई लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

