Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, December 14, 2023

स्कूल परिसर में प्रधान सीख रहा था कार, आठ बच्चों पर चढ़ा दी

खोराबार इलाके के रामपुर कंपोजिट विद्यालय परिसर में हादसा, दो बच्चों की हालत गंभीर  


ब्रेक की जगह दबा दिया एक्सिलरेटर, आरोपी प्रधान हिरासत में


गोरखपुर। खोराबार इलाके के रामपुर गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में बुधवार दोपहर 12 बजे कार ड्राइविंग सीखने के दौरान हादसा हो गया। ड्राइविंग सीख रहे प्रधान की कार ने आठ स्कूली बच्चों को चपेट में ले लिया। घायल बच्चों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।मामले में प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कर गया है।



घटना की सूचना पर एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी प्रधान को हिरासत में ले लिया है। उधर, डीएम कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने अस्पताल में बच्चों से मुलाकात कर हाल जाना।


जानकारी के मुताबिक, कंपोजिट विद्यालय में शौचालय की टंकी बन रही है। रामपुर डाढ़ी गांव का प्रधान लालबचन निषाद खुद अपनी देखरेख में निर्माण करा रहा था। इस दौरान प्रधान का बेटा अपनी कार से मिड-डे मील लेकर पहुंचा। उसने स्कूल परिसर में ही कार खड़ी कर दी और खाना देने अंदर चला गया।




इसी बीच प्रधान कार चलाने की कोशिश करने लगा, जबकि उसे ड्राइविंग नहीं आती है। कार का अगला हिस्सा स्कूल गेट की तरफ था। कार के ठीक पीछे स्कूल के मैदान में धूप में बैठकर बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। प्रधान ने कार स्टार्ट कर दी, लेकिन उसने पहले गियर की जगह गलती से बैक गियर लगा दिया। एक्सिलरेटर छोड़ते ही कार पीछे की तरफ जाने लगी।


इसी बीच प्रधान ने ब्रेक की जगह एक्सिलरेटर दबा दिया, जिससे तेज रफ्तार कार ने बच्चों को चपेट में ले लिया। आठ बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों प्रीति और प्रवीण की हालत नाजुक बनी हुई है।



हादसे में ये बच्चे हुए घायल

कक्षा तीन के प्रवीण पुत्र गंगा बिशुन रामपुर डाढ़ी खोराबार, देव पुत्र दिलीप रामपुर डाढ़ी खोराबार और प्रियंका पुत्री रविंद्र, रामपुर डाढ़ी खोराबार, कक्षा चार की साक्षी पुत्री सत्यनारायण रामपुर डाढ़ी खोराबार, अनुष्का पुत्री अजीत नौका टोली खोराबार, रागिनी पुत्री रामकेश नौका टोली खोराबार, मानसी पुत्री धर्मवीर गहिरा खोराबार और प्रीति पुत्री अर्जुन, रामपुर डाढ़ी खोराबार। 


कार से हादसा हुआ है। आरोपी प्रधान को हिरासत में लिया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


- कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी

स्कूल परिसर में प्रधान सीख रहा था कार, आठ बच्चों पर चढ़ा दी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link