आगरा, वरिष्ठ संवाददाता। शिक्षकों की मूलभूत समस्याओं को लेकर गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें उन्होंने शिक्षकों का हर महीने देरी से वेतन भुगतान, महिला शिक्षिकाओं की सीसीएल संबंधी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया है। उनका कहना है कि यदि कर्मचारियों-अधिकारियों की कार्यशैली नहीं सुधरी तो प्रदर्शन होगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक चौधरी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में करीब एक दर्जन पदाधिकारी बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को बताया कि हर महीने शिक्षकों के वेतन भुगतान में देरी हो रही है। इससे शिक्षकों की हर महीने ईएमआई बाउंस होती हैं। जबकि, नियमानुसार बिल बनकर महीने की
अंतिम तिथि तक लग जाने चाहिए। बाबुओं की लापरवाही का खामियाजा शिक्षक भुगत रहे हैं। उन्होंने महिला शिक्षिकाओं के सीसीएल अवकाश का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि शासनादेश के विपरीत जाकर महिला शिक्षिकाओं के सीसीएल को जानबूझकर अस्वीकार किया जा रहा है। 10-10 दिनों में उनके सीसीएल स्वीकृत हो रहे हैं। इसमें सुधार की आवश्यकता है। यहां उन्होंने बताया कि एमडीएम की कन्वर्जन कास्ट और रसोइयों के मानदेय मार्च से नहीं आया है। इससे विद्यालय में एमडीएम बनाना प्रधानाचार्यों के लिए मुश्किल हो रहा है। इस दौरान सह संयोजक बृजेश शुक्ला, केके इंदौलिया, हरिओम यादव, विजयपाल नरवार, दिगंबर सिंह, प्रदीप यादव, मांगीलाल गुर्जर, परमवीर सिंह, अभय चौधरी, बलवीर सिंह, बलदेव सिकरवार आदि रहे।

