Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, February 13, 2026

यूपी में होमवर्क न करने पर शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, शरीर पर पड़े 100 से ज्यादा निशान

यूपी में होमवर्क न करने पर शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, शरीर पर पड़े 100 से ज्यादा निशान

शिक्षा के मंदिर से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एमआरजी पब्लिक स्कूल में शिक्षक ने अंग्रेजी का होमवर्क (गृहकार्य) पूरा न होने पर कक्षा दो के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। उसके शरीर पर डंडों के सौ से अधिक निशान उभर आए। घटना के बाद से बच्चे की हालत बिगड़ गई है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपित शिक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।


मामला कोतवाली के गुमदहा स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल का है। चतरुपुर नकार निवासी राज प्रसाद का नौ वर्षीय पुत्र अभिषेक गोस्वामी एमआरजी पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र है।

गुरुवार को जब अभिषेक स्कूल गया था, तब शिक्षक प्रखर सिंह ने गृहकार्य (होमवर्क) पूरा न होने पर नाराज हो गए। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को पीटना शुरू किया और उस पर करीब 100 से अधिक डंडे बरसाए।

जब बच्चा घर गया, तो उसकी हालत देख स्वजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चे के दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के गहरे निशान थे।


पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वे इसकी शिकायत लेकर स्कूल संचालक माधवराज के पास गए, तो उन्होंने सहानुभूति दिखाने के बजाए डांटकर भगा दिया। आरोप यह भी है कि शिक्षक द्वारा मामले की शिकायत न करने के लिए दबाव भी बनाया गया। बच्चे की बिगड़ती हालत को देख पिता ने कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई।


कोतवाल नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित शिक्षक प्रखर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच चचरी चौकी प्रभारी अवनीश शुक्ल को सौंपी गई है।


उधर प्रधानाचार्य माधवराज गोस्वामी का कहना है कि सभी आरोप बेबुनियाद है। जिन शिक्षक ने बच्चे को मारा था यह जानकारी में आते ही उन्हें हटा दिया गया है। उनकी अभिभावक से कोई बात नहीं हुई है।



यूपी में होमवर्क न करने पर शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, शरीर पर पड़े 100 से ज्यादा निशान Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link