प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए मांगा गया है सहमति पत्र
जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं कम्पोजिट विद्यालयों में रिक्त पदों पर प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक की तैनाती हेतु अध्यापकों से सहमति पत्र मांगा गया है। सहमति पत्र के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 245 वरिष्ठ शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इन शिक्षकों को दो फरवरी को सदर बीआरसी पर सहमति/ विकल्प पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में संचालित परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में 150 व उससे अधिक छात्र नामांकन होने पर एक प्रधानाध्यापक का पद सृजित है। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 100 व उससे अधिक छात्र नामांकन होने पर तथा कम्पोजिट विद्यालयों में 250 व उससे अधिक छात्र नामांकन होने पर एक- एक प्रधानाध्यापक का पद सृजित है।
ऐसे में जिले के विभिन्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों में प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापकों का पद रिक्त है, जिसपर प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों की तैनाती की जानी है। जिसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 17 सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची एवं प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 228 सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची जारी की गई है। इन अध्यापकों से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा रिक्त पदों पर तैनाती के लिए सहमति एवं असहमति पत्र मांगा गया है। शिक्षकों को अपना सहमति व असहमति पत्र दो फरवरी को सदर बीआरसी पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। रिक्त पदों पर तैनाती के लिए जो अध्यापक सहमति जताएंगे उनको विद्यालयों का विकल्प चुनने का अवसर दिया जाएगा। वहीं जो शिक्षक असहमति जताएंगे उन्हे फोटो युक्त नोटरी शपथ पत्र प्रस्तुत कराना पड़ेगा।

