हर परिवार के आभा आईकार्ड बनेंगे
लखनऊ। प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल तक संचालित होगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने बुधवार को शास्त्री भवन स्थित सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत संपादित की जाने वाली अंतर्विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं विद्यालयों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर प्रतियोगिताओं और रैलियों का आयोजन किया जाए। उन्होंने गर्मी के मौसम में संभावित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक प्रबंधन समय से सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में हीट वेव से बचाव के लिए जनमानस में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। संभावित गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर की व्यवस्था कराने के साथ-साथ व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान का डिस्प्ले अवश्य कराया जाए।
मंडल तथा जनपद स्तरीय अधिकारी दस्तक अभियान के दौरान चिन्हित किए लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच की स्थिति यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस पोर्टल पर अवश्य उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा भ्रमण के दौरान प्रत्येक परिवार के समस्त सदस्यों का आभा आईकार्ड बनाकर परिवार के सदस्यों को अवश्य उपलब्ध कराया जाए। निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के जनपद एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराना होगा कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा उपलब्ध करायी गई अधिक मच्छर घनत्व वाली सूची में अंकित स्थानों पर समुचित वेक्टर नियंत्रक गतिविधियां प्रत्येक दशा में संपादित हों।

