2.41 लाख से अधिक दिव्यांग बच्चों का डाटा प्रेरणा पोर्टल से लिंक
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने समावेशी शिक्षा को मिशन मोड में आगे बढ़ाते हुए दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी है। हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार समर्थ पोर्टल से जुड़े 2.41 लाख से अधिक दिव्यांग बच्चों का डाटा प्रेरणा पोर्टल से लिंक किया गया है। इसके साथ ही जिला और ब्लॉक स्तर पर पंजीकरण अभियान को तेजी से संचालित किया जा रहा है।
दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में आई तेजी
सरकार ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, पंजीकरण व शैक्षिक सहायता को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ दिया है। समर्थ और प्रेरणा पोर्टल के एकीकरण से दिव्यांग बच्चों को छात्रवृत्ति, विशेष प्रशिक्षण, सहायक उपकरण, थेरेपी व अन्य सहायता योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। साथ ही पढ़ाई, उपस्थिति व शैक्षिक प्रगति की डिजिटल निगरानी भी संभव होगी। योजनाओं का लाभ सीधे पात्र बच्चों तक पहुंचाया जा सकेगा। इस अभियान में प्रयागराज, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, आजमगढ़, गोंडा व हरदोई में अच्छी प्रगति हुई है। ब्यूरो

