प्रधानाध्यापिका ने एक अधिकारी पर लगाया गम्भीर आरोप
महोबा : राज्य पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका ने जिला बेसिक शिक्षा के एक अधिकारी पर गम्भीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक की चौखट पर पहुँचकर पीड़ा सुनाई और शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की माँग उठाई है।
जिला मुख्यालय के भटीपुरा निवासिनी/प्राथमिक विद्यालय तिन्दौली ब्लॉक कबरई में वर्ष 2018 से तैनात प्रधानाध्यापिका ने एसपी को सम्बोधित शिकायती पत्र में कहा कि उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। कहा कि जनवरी 2025 में विद्यालय की बाउण्ड्रीबॉल सम्बन्धी समस्या लेकर वह बीएसए कार्यालय गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें गलत नजर से
देखा और शाम को आवास पर बुलाया था। बाद में विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका और सहायक ने भी कथित रूप से उन्हें साहब के आवास पर चलने के लिए दबाव बनाया था। आरोप है कि जब उन्होंने इनकार किया तो उनके खिलाफ झूठी जाँचें शुरू करा दी गईं और लगातार मानसिक दबाव बनाया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि फरवरी 2026 में जब वह अपने 73 वर्षीय पिता के साथ बीएसए कार्यालय पहुँची तो उन्हें अपमानित कर बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि विद्यालय का कुछ स्टाफ उनके सम्बन्ध में गलत सूचनाएं देता रहा और कथित तौर पर उनके खिलाफ साजिश में शामिल रहा। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी 2026 को बिना पर्याप्त साक्ष्य के उनका निलम्बन आदेश जारी कर दिया गया। कहा कि उत्पीड़न से त्रस्त होकर वह एसपी की चौखट पर न्याय माँगने पहुँची है, यदि न्याय न मिला तो खड़े कदम उठाने को मजबूर हो जाएगी।
इन्होंने कहा
सभी आरोप मनगढ़न्त है, यदि उसने एसपी को शिकायती पत्र दिया है तो निष्पक्ष जाँच हो जाएगी और जो भी दोषी हो उस पर कार्यवाही जरूर होनी चाहिए।
- राहुल मिश्रा बीएसए महोबा ।
प्रधानाध्यापिका द्वारा शिकायती पत्र दिया गया है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए सीओ नगर को जाँच सौंपी है।
शशांक सिंह
पुलिस अधीक्षक महोबा।
