PGT परीक्षा में गणित, रसायन विज्ञान और अर्थशास्त्र ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की चुनौती
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता संवर्ग (PGT) भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई गई। प्रदेश के 17 जिलों में बनाए गए 319 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कई विषयों के अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को कठिन बताया, खासकर गणित, रसायन विज्ञान और अर्थशास्त्र के पेपर ने परीक्षार्थियों को काफी उलझाया।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान विषय शामिल रहे। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली, जिसमें रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला विषयों की परीक्षा हुई।
अभ्यर्थियों के अनुसार गणित और रसायन विज्ञान के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे, जबकि अर्थशास्त्र और मनोविज्ञान के कुछ सवालों ने भी परीक्षार्थियों को सोचने पर मजबूर कर दिया। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को आयोजित परीक्षा में करीब 1.03 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का लगभग 45 प्रतिशत रहा। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति करीब 42 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 48 प्रतिशत दर्ज की गई।
इससे पहले शनिवार को हुई परीक्षा में लगभग 89 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। दोनों दिनों की परीक्षाओं को मिलाकर कुल उपस्थिति 41 प्रतिशत से अधिक रही।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग ने आधुनिक तकनीक का उपयोग किया। मुख्यालय में बनाए गए एआई आधारित कमांड कंट्रोल सेंटर से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई। सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
आयोग ने कुछ केंद्रों पर नई व्यवस्था भी लागू की, जिसके तहत परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही कराई गई। यह प्रक्रिया अभ्यर्थियों की मौजूदगी में पूरी की गई और स्कैन डेटा को तत्काल सुरक्षित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

