उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की रामपुर इकाई का गठन हुआ। जिसमें श्वेता दोहन को जिलाध्यक्ष तो एकता गुप्ता को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना की पत्नी गुंजन सक्सेना ने कहा कि परिषदीय स्कूलों के शिक्षक सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि देश और प्रदेश का भविष्य भी गढ़ते हैं। कृष्णा विहार कालोनी स्थित रामपुर सेवक कार्यालय पर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना की पत्नी गुंजन सक्सेना, मंडल अध्यक्ष रितु त्यागी, मुरादाबाद की जिला महामंत्री पूनम, रुपिका त्यागी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने संगठन का गठन करते हुए श्वेता दोहन को जिलाध्यक्ष, एकता गुप्ता को जिला महामंत्री राणा तलत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चन्द्रेश को जिला मीडिया प्रभारी, निधांषु को कोषाध्यक्ष, नीलम रानी, विदुषी भारद्वाज, नीरा को उपाध्यक्ष, सरिता रानी, लबीना, नीलम हल्दिया को संगठन मंत्री, अंजू त्यागी को संयुक्त मंत्री एवं अनु को संरक्षक मनोनीत किया।
इस अवसर पर गुंजन सक्सेना ने कहा कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक समाज की बुनियाद मजबूत करते हैं और बच्चों को संस्कार, शिक्षा तथा बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। नवमनोनीत जिलाध्यक्ष श्वेता दोहन ने कहा कि संगठन महिला शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, उनके सम्मान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर कार्य करेगा। वहीं, जिला महामंत्री एकता गुप्ता ने सभी शिक्षिकाओं से संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की।
