Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, May 18, 2026

समय पर उपलब्ध करा दी जाएंगी पुस्तकें: योगी

 समय पर उपलब्ध करा दी जाएंगी पुस्तकें: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विद्यालयों में पुस्तकें समय पर उपलब्ध करा दी जाएंगी। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि बच्चे स्कूल के वातावरण से जुड़ें और पढ़ाई के साथ खेलकूद व अन्य गतिविधियों में भी भाग लें। आपस में एक-दूसरे को जानें। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ को नीति आयोग ने देश के सामने एक सफलता की कहानी के रूप में प्रस्तुत किया है।


सरकार की साफ नीति से 1.60 करोड़ छात्र पढ़ रहे: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट नीति के कारण आज प्रदेश में लगभग एक करोड़ 60 लाख बच्चे बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बच्चों के लिए जूते-मोजे, यूनिफॉर्म, स्वेटर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है। अभिभावकों के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजी जा रही है।




उन्होंने कहा कि हमने ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ की शुरुआत की। आज परिणाम यह है कि 96 प्रतिशत बेसिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और विद्यालयों की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि ड्रॉपआउट दर, जो पहले 17-18 प्रतिशत थी, अब घटकर लगभग 3 प्रतिशत रह गई है ।




बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दें: मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बच्चा किसी न किसी प्रतिभा के साथ जन्म लेता है। कोई खेल में अच्छा होता है, कोई कला में, कोई विज्ञान में। शिक्षकों और अनुदेशकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को दबाने की नहीं, बल्कि प्रेरित करने और सही दिशा दिखाने की जरूरत है। आत्म अनुशासन, समय पालन, स्वच्छता और संस्कार शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों, 24,296 अनुदेशकों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सदस्य विधान परिषद अवनीश कुमार सिंह, डॉक्टर लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक नीरज बोरा और अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा उपस्थित रहे।



समय पर उपलब्ध करा दी जाएंगी पुस्तकें: योगी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link